Indore Comedy Show: हिन्दू देवी-देवताओं के अपमान का नहीं मिला सबूत- कॉमेडियन मुन्नवर फारूकी की गिरफ्तारी पर बोली इंदौर पुलिस
इंदौर में आयोजित कॉमेडी शो (Indore Comedy Show case) में बीजेपी MLA के बेटे ने कलाकार मुनव्वर फारूकी पर हिंदू देवी-देवताओं और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप लगाकर कार्यक्रम रुकवा दिया था.

इंदौर. प्रदेश में पुलिस प्रशासन किस तरह काम कर रहा है, इसका उदाहरण इस खबर से बेहतर नहीं हो सकता. पुलिस ने गुजरात के जिस स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी (Munavvar faruqui) को हिंदू देवी-देवताओं और गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के अपमान के आरोप में जेल भेज दिया, उसके खिलाफ कोई सबूत ही नहीं मिला. जी हां, एमपी पुलिस के एक अधिकारी ने खुद इस बात का खुलासा किया है. बता दें 2 जनवरी को भाजपा की स्थानीय विधायक (BJP MLA) मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ अपने साथियों के साथ एक कॉमेडी शो (Indore Comedy Show case) में बतौर दर्शक पहुंचे थे .उनका आरोप था कि मुनव्वर सहित तीन अन्य लोग हिंदू देवी-देवताओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे.
इंदौर के तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी कमलेश शर्मा ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए इंटरव्यू में खुद यह खुलासा किया है कि मुनव्वर फारूकी के खिलाफ पुलिस को कोई सबूत नहीं मिला. बता दें कि पुलिस ने फारुकी को कॉमेडी शो के ऑर्गेनाइजर के तौर पर गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि शहर के 56 दुकान इलाके के एक कैफे में शुक्रवार को कॉमेडी शो आयोजित किया गया था. बीजेपी विधायक के बेटे ने शो में की गईं कुछ टिप्पणियों के विरोध में जमकर हंगामा किया और कार्यक्रम भी रुकवा दिया.तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी कमलेश शर्मा ने शनिवार को बताया कि वीडियो फुटेज के साथ एकलव्य की लिखित शिकायत पर गुजरात के जूनागढ़ के रहने वाले हास्य कलाकार मुनव्वर फारुकी और चार स्थानीय लोगों के खिलाफ शुक्रवार देर रात मामला दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
Comments
Post a Comment